Categories

26 October 2026

दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित बहुमंजिला इमारत में लगी आग, तीन लोगों की मौत

दमकल विभाग को आग लगने की सूचना रात करीब 2:25 बजे लगी. जांच में पता चला कि आग मकान में खड़े वाहनों में लगी थी.

नई दिल्ली: दिल्ली में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम ही नहीं ले रही हैं. इसी कडी में तुगलकाबाद स्थित बहुमंजिला इमारत में आग लगने की घटना सामने आई है. बताया जा रहा है कि घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है. दमकल विभाग के अनुसार रेस्क्यू किए गए 8 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था. AIIMS ट्रॉमा सेंटर के बर्न और प्लास्टिक सर्जरी वार्ड में भर्ती 3 लोगों में 1 पुरुष की मौत हो गई. वहीं सफदरजंग अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती 5 महिलाओं में से 2 महिलाओं को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया, जबकि 3 का इलाज जारी है.

दमकल विभाग को 5 मंजिला इमारत में गुरुवार देर रात करीब 2:25 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दिल्ली फायर सर्विस ने तुरंत 3 वॉटर टेंडर, 2 वॉटर बाउजर, 1 ब्रीदिंग सपोर्ट यूनिट और 1 क्यूआरवी को मौके पर रवाना किया. बचाव कार्य करने पहुंची टीम ने संकरी गली में स्थित इमारत से लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया. जांच में पता चला कि आग मकान में खड़े वाहनों में लगी थी, जिससे पूरे भवन में धुआं फैल गया और लोग अंदर फंस गए. दमकल विभाग ने सुबह 3:45 बजे आग को पूरी तरह नियंत्रण में कर लिया और सुबह 4 बजे ऑपरेशन समाप्त घोषित कर दिया.

गाड़ियों में हुए धमाके: चश्मदीद रेनू ने बताया कि तकरीबन 2:00 बजे के आसपास बिल्डिंग में भीषण आग लगी. म सभी पड़ोसियों ने मिलकर अपने-अपने घरों से पानी लाकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी. दमकल विभाग की गाड़ियां सूचना दिए जाने के करीब 20 मिनट बाद ही यहां पहुंच गई थी. पार्किंग में लगी गाड़ियों में धमाके की आवाज भी आई, जिसमें आठ गाड़ियां जलकर राख हो गईं.

साड़ी के सहारे नीचे उतरे कुछ लोग: उनके अलावा चश्मदीद सौरभ ने बताया कि आग लगने के चलते कई लोग बुरी तरह फंसे हुए थे, जिसके बाद लोगों ने अपने छत से एक साड़ी फेंकी और कुछ लोग नीचे उतरे. हमने जब बिल्डिंग में झांक कर देखा तो गाड़ियों में आग लगी हुई थी. अंदर जाने का कंडीशन बिल्कुल भी नहीं थी. जानकारी के मुताबिक, आग की चपेट में ग्राउंड फ्लोर के साथ पहली और दूसरी मंजिल भी आ गई, तीसरी से पांचवीं मंजिल तक आंशिक नुकसान हुआ. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दिल्ली फायर सर्विस के जवानों ने छत पर पहुंचकर टेरेस गेट का ताला काटा और अंदर प्रवेश किया. फिलहाल आगे की कार्रवाई की जा रही है.

You may have missed